December 17, 2025

Crime Off News

News Portal

मुख्यमंत्री धामी ने कहा- राज्य सरकार ने कार्मिकों के हितों के प्रति प्रतिबद्धता के साथ उनकी समस्याओं का समाधान किया

उत्तराखंड सचिवालय संघ ने सोमवार को दोपहर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कार्मिकों के हितों के प्रति प्रतिबद्धता के साथ उनकी समस्याओं का समाधान किया है। विभिन्न कार्मिक संगठनों से उनकी समस्याओं के निराकरण के संबंध में आपसी संवाद की राह प्रशस्त की गई है। इस दौरान उन्होंने कहा कि सचिवालय संघ की विभिन्न समस्याओं को हल करने का रास्ता निकाला जा रहा है। वहीं, देर शाम कैबिनेट में सचिवालय संघ की मांगों से संबंधित मसले न आने पर संघ ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय ले लिया। सचिवालय कर्मी मंगलवार से आंदोलन पर हैं।

सचिवालय संघ ने सचिवालय परिसर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अभिनंदन समारोह आयोजित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश को सचिवालय से ऊर्जा मिलती है। राज्य सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों को लागू करने की जिम्मेदारी भी सरकार की होती है। उन्होंने कहा कि राज्य का मुख्य सेवक होने के साथ ही वे अपने को सचिवालय कार्मिकों का बड़ा भाई भी समझते हैं। क्योंकि सचिवालय की प्रक्रियाओं को समझने में सचिवालय का भी बड़ा योगदान रहा है। इस दौरान उन्होंने पति-पत्नी के सेवारत होने पर दोनों को मकान किराया भत्ता अनुमन्य करने, सचिवालय परिसर में स्थापित एलोपैथिक डिस्पेंसरी में पैथोलाजी सैंपलिंग एकत्र करने की व्यवस्था करने, समीक्षा अधिकारी एवं अपर निजी सचिव के पद की श्रेणी को समूह ग से ख में लाने के संबंध में सहमति जताई।

वहीं, शाम को कैबिनेट की बैठक में संघ के मसलों पर चर्चा न होने से नाराज संघ ने आंदोलन का ऐलान कर डाला। सचिवालय संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी ने कहा कि सचिवालय संघ ने जो सम्मान करना था वह पूर्ण हुआ, शायद यह सम्मान सरकार को पसंद नहीं आया। संघ मंगलवार से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेगा।

news

You may have missed